शब्दों के जरिए समाज तक पहुंचते हैं विचार और ज्ञान : वैदेही वल्लभ शरण

WhatsApp Channel Join Now
शब्दों के जरिए समाज तक पहुंचते हैं विचार और ज्ञान : वैदेही वल्लभ शरण






प्रान्त प्रचारक ने किया पुस्तक'अर्णव' का लोकार्पण

लखनऊ, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त प्रचारक कौशल ने शुक्रवार को भागीदारी भवन के सभागार में वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र भदौरिया की पुस्तक 'अर्णव' का लोकार्पण किया। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ प्रचारक वीरेन्द्र सिंह, बावन मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज, जगद्गुरू ओम प्रपन्नाचार्य व पदमश्री सुधा सिंह उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि सामान्य गांव से निकलकर संघर्ष के बाद नरेंद्र भदौरिया ने संघ, पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में पहचान बनाई। उन्होंने संघ में शाखा स्वयंसेवक से लेकर प्रांतीय संगठन मंत्री तक जिम्मेदारियां निभाईं। पत्रकारिता के बाद शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखा। आज उनके संस्थानों में 14 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।

बावन मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज ने कहा कि शब्द ही ब्रह्म है। शब्दों के जरिए विचार और ज्ञान समाज तक पहुंचते हैं। ‘अर्णव’ ज्ञान, भक्ति और आध्यात्मिक चिंतन का संकलन है। उन्होंने कहा कि भदौरिया की लेखनी समाज को दिशा दे रही है और आगे उन्हें 101 पुस्तकें लिखनी चाहिए।

लेखक और पत्रकार का सम्मान जरूरी

मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्या गिरि ने कहा कि समाज में लेखक और पत्रकार का सम्मान जरूरी है। इनके सम्मान के बिना समाज अपनी दिशा भूल सकता है। उन्होंने कहा कि ‘अर्णव’ का अर्थ समुद्र है। पुस्तक में अलग-अलग विषयों का विस्तृत विवेचन है। लोगों को पुस्तक खरीदकर खुद पढ़ने और बच्चों को पढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने नरेंद्र भदौरिया को आगे 50 से 100 पुस्तकें लिखने की शुभकामना दी।

जगद्गुरु ओम प्रपन्नाचार्य ने कहा कि नरेंद्र भदौरिया से उनका जुड़ाव वर्षों पुराना है। उनके साथ डॉक्यूमेंट्री पर काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अच्छा लिखना और बोलना आसान है, लेकिन विचारों को जीवन में उतारकर फिर लिखना बड़ी बात है।

पुस्तक पाठकों तक पहुंचाना लेखक की जिम्मेदारी

नरेंद्र भदौरिया ने कहा कि कार्यक्रम में समर्थक या भक्त नहीं, बल्कि पुस्तक प्रेमी और विद्वान आए हैं। यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पुस्तक पढ़ने वालों की संख्या कम नहीं हुई है। जरूरत है कि अच्छी पुस्तकें पाठकों तक पहुंचें।

डा.भूपेन्द्र सिंह ने पुस्तक के बारे में बताया कि इस पुस्तक में कई विषय हैं। पुस्तक अपने आप में बहुत ही विशेष है। इसे सबको पढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में सरदार मंजीत सिंह तलवार, पूर्व मंत्री डा.महेन्द्र सिंह,सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रान्त प्रमुख राजकिशोर,वरिष्ठ प्रचारक अशोक केडिया, विभाग प्रचारक अनिल, विहिप के प्रान्त मंत्री देवेन्द्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story