नाले में मिला युवक का शव, डूबने से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
नाले में मिला युवक का शव, डूबने से मौत की आशंका


कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर गांव में शनिवार को नाले में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गयी है।

मृतक की पहचान गांव निवासी मनीष निषाद (25) के रूप में हुई। मनीष गोताखोरी का काम करता था, ग्रामीणों के मुताबिक उसे शराब पीने की आदत थी। शुरुआती जांच में नाले में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए महाराजपुर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि मनीष घटना से पहले कहां था और किन परिस्थितियों में नाले तक पहुंचा।

महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story