कुएं में सात वर्षीया मासूम का मिला शव
हमीरपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली के स्यावरी गांव में शादी समारोह देखने एक सात साल की मासूम जब अपने घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। काफी तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं लग सका। साेमवार काे शादी वाले घर के पास बने कुएं में आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं का पानी बाहर निकलवाया तो मासूम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
स्यावरी गांव निवासी कामता राजपूत की बेटी की शादी थी। गांव में बारात आई हुई थी। रविवार को रात करीब दस बजे शादी कार्यक्रम देखने के लिए लिए कामता राजपूत का पड़ोसी अरविंद राजपूत की 7 वर्षीय पुत्री नैंसी भी शादी देखने के लिए पहुंच गईं। रात करीब 11 बजे जब नैंसी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। परंतु नैंसी का कहीं भी पता नहीं चल सका।
सोमवार को परिजनों को आशंका होने पर कामता राजपूत के घर के पास बने कुएं में गिरने की अनुमान लगाया जाने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने कुएं का पानी बाहर निकाला तो नैंसी का शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह के दौरान किसी का धक्का लगने से भी नैंसी कुएं में गिर सकती है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
राठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने सोमवार को बताया कि परिजनों की सूचना पर आज गहरे कुएं से बच्ची का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

