गंग नहर में डूबे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
गंग नहर में डूबे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका


नोएडा, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना दनकौर क्षेत्र के गंग नहर में डूबे एक युवक का शव साेमवार काे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वह बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के रामपुर जागीर गांव के रहने वाले थे।

थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 26 वर्षीय रविंद्र चेचई उर्फ गोलू का शव सोमवार को दनकौर क्षेत्र के गंग नहर (खेरली नहर) से बरामद हुआ है। रविवार दोपहर को वह नहर मे डूब गए थे। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें नहर में शव की तलाश कर रही थी। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि गांव रामपुर जागीर निवासी श्रीपाल का इकलौता बेटा रविंद्र चेचई रविवार दोपहर दोस्तों के साथ खेत में गया था। शाम को परिजनों को सूचना मिली कि वह खेरली नहर में डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक नहर में तलाश करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को दोबारा तलाश शुरू की गई। सर्च अभियान के दौरान घटना स्थल से करीब 5 किमी दूर चांगोली के पास नहर से रविंद्र का शव बरामद हुआ।

मृतक के एक रिश्तेदार का आरोप है कि रविंद्र के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे और नाक से खून भी निकल रहा था। ऐसे में आशंका है कि हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। दूसरी ओर लोगों में चर्चा है कि मृतक अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। नहाते वक्त दोस्तों में तैरकर नहर पार करने की शर्त लगी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story