लापता मजदूर का शव बिहार में नदी किनारे मिला

WhatsApp Channel Join Now
लापता मजदूर का शव बिहार में नदी किनारे मिला


देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मईल थाना क्षेत्र के धरमेर गांव निवासी एक मजदूर का शव बिहार के सिवान जिले में नदी किनारे मिला है। दो दिनों से लापता मजदूर की तलाश में जुटे परिवार ने शव की पहचान बुधवार को कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, धरमेर गांव निवासी संजय कनौजिया बिहार के गुठनी मोड़ स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। उनकी पत्नी ममता कनौजिया ने बताया कि 30 मई की सुबह पति संजय काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने मईल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इसी बीच बिहार के सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को बरामद हुआ। गुठनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसकी पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।

दो दिन बाद परिजनों को सूचना मिली कि सिवान जिला अस्पताल की मोर्चरी में एक शव रखा गया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता संजय कनौजिया के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। बुधवार को शव पहुंचने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए।

गुठनी थाना पुलिस के अनुसार, मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story