देवरिया : झाड़ियों में फेंका महिला टीचर का शव, कार सवार फरार; व्हाट्सएप पर फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : झाड़ियों में फेंका महिला टीचर का शव, कार सवार फरार; व्हाट्सएप पर फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान


देवरिया, 01 नवंबर (हि.स.)। देवरिया जिले में शनिवार रात करीब सात बजे एक सफेद कार से महिला का शव झाड़ियों में फेंककर कार सवार फरार हो गए। ग्रामीणों ने कार का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भागने में सफल रहा। रविवार को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर शव की तस्वीर देखकर महिला की पहचान गोरखपुर निवासी रानी विश्वकर्मा (27) के रूप में हुई। वह गोरखपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरहुरी लोहार टोला गांव निवासी सुभाष चंद्र विश्वकर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी गीता, बेटियां पूजा, रानी, रागिनी और कुसुम तथा बेटा संजीव हैं। रानी नई बाजार ब्रह्मपुर स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में शिक्षिका थीं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह रोज की तरह स्कूल पढ़ाने गई थीं। घरवालों को बताया था कि उस दिन उन्हें वेतन मिलना है।

रात करीब सात बजे तक रानी घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर फोन किया। मोबाइल स्विच ऑफ मिलने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों और प्रधानाचार्य से संपर्क किया। वहां से जानकारी मिली कि रानी दोपहर करीब तीन बजे ही स्कूल से निकल गई थीं। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए।

रविवार शाम करीब छह बजे व्हाट्सएप ग्रुप पर एक अज्ञात युवती के शव की तस्वीर प्रसारित हुई। तस्वीर देखकर गांव के लोगों ने रानी को पहचान लिया और उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग रामलक्षन पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने उन्हें चौकी बुलाया, जहां शाम करीब सात बजे परिजनों ने शव की पहचान की। बेटी का शव देखकर मां गीता बदहवास हो गईं और रोते-रोते बेहोश हो गईं।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि शनिवार शाम करीब सात बजे कन्हौली गांव के बाहर झाड़ियों के पास सफेद कार सवार लोग पहुंचे थे। उन्होंने कार की डिग्गी से युवती का शव बाहर फेंका और फरार हो गए। ग्रामीणों ने कार को पकड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भाग निकला।

बताया जा रहा है कि कार घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर रामलक्षन पुलिस चौकी के सामने से भी गुजरी थी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार की खुली डिग्गी देखी थी, लेकिन उसे रोक नहीं सके।

सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कार सवारों और महिला की हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story