तालाब में मिला लापता युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
तालाब में मिला लापता युवक का शव


कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत हृदयपुर गांव के पास रविवार को सड़क किनारे तालाब में एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किये। शुरुआती जांच में नशे की हालत में तालाब में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।

मृतक की पहचान मन्नीपुरवा गांव निवासी अनिल कुमार (35) के रूप में हुई। वह लेदर फैक्ट्री में काम करता था और अपने बहनोई जयप्रकाश के साथ काम करता था। शनिवार को वह बहनोई के घर खाना खाने गया था। वहां से कुछ देर में लौटने की बात कहकर निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा।

अनिल की पत्नी पूजा ने बताया कि पति शराब पीने के आदी थे। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। वह अपने दोनों बेटों अर्पित और अमित के साथ कानपुर देहात के रानियां क्षेत्र में किराये पर रहती हैं। बीती रात अनिल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की। उसके पिता जौहरी से भी फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी।

आज हृदयपुर गांव के पास तालाब में शव देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और शव बाहर निकलवाकर जांच की। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पत्नी ने शव की पहचान की। ल्

सचेण्डी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के नशे की हालत में तालाब में गिरने की आशंका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल परिजनों ने किसी के खिलाफ आरोप नहीं लगाया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763238 Articles

Share this story