गाजियाबाद से लापता आठ वर्षीय बच्चे का शव नोएडा में मिला
नोएडा, 16 अप्रैल (हि.स.)। गाजियाबाद के कनवानी गांव से लापता हुए एक आठ वर्षीय बच्चे का शव नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में हिंडन नदी में आज सुबह को मिला है। थाना सेक्टर 63 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने गुरुवार काे बताया कि गाजियाबाद के कनवानी गांव में रहने वाले ओमवीर का आठ वर्षीय बेटा 14 अप्रैल की शाम से घर से लापता है। वह अपने दोस्तों के साथ हिंडन नदी में नहाने गया था। उसके दोस्त वापस चले गए, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि इस मामले में उसके परिजनों ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आज थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी के पास सूरज का शव मिला है। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अग्रिम कार्रवाई जनपद गाजियाबाद पुलिस द्वारा की जाएगी। वहीं इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में परिजनों की शिकायत पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

