संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला युवक का शव


औरैया, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनन्तराम चौकी अंतर्गत गांव मुडैना रूपशाह में मंगलवार कोआम के पेड़ से गमछे के सहारे फंदे से लटका युवक का शव मिला है। सूचना पर पहुँची थाना पुलिस ने युवक के शव को फंदे से उतारकर जांच की। मृतक की शिनाख्त हाथ पर लिखे नाम और पास मिले कीपैड मोबाइल से की गई।

अजीतमल थाना कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की पहचान कन्नौज जिले के थाना तालग्राम अंतर्गत दलापुरा अमरोर गाँव निवासी विपिन कुमार(25) के रूप में हुई है। वह भागवत व अन्य कार्यक्रमों में ढोलक बजाने का काम करता था। बड़े भाई वीरेश और प्रवेश अपने परिवार के साथ पंजाब रहते हैं। घर पर मृतक विपिन माँ प्रेमवती के साथ रहता था।

आज सुबह मुडैना रूपशाह में करीब सवा पांच बजे गाँव के लोग खेतों की ओर जा रहे थे तभी गाँव के बाहर भूरेबाबा देव स्थान मन्दिर के पास आम के पेड़ की डाल पर पीले गमछे से फँदा लगाकर युवक को देखा। चप्पल पास में पड़ी थी। गाँव के चौकीदार विजय कुमार ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर वह अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे लेकर हाथ पर नाम और बरामद मोबाइल के माध्यम से उसके भाई वीरेश से बात के आधार पर मृतक की शिनाख्त हुई। बीते रविवार को घर से किसी प्रोग्राम में मृतक जाने की बात माँ को बताकर निकला था। वह कहीं से एक महिला को लाकर बतौर पत्नी घर पर ही रख रहा था।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story