जौनपुर में सड़क किनारे युवक का शव मिला
जौनपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित पोटरिया मार्ग पर मंगलवार को एक 35 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि पोटरिया मार्ग पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान लपरी गांव निवासी राधेश्याम बिंद (35) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन का कार्य शुरू किया। आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

