भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत व चार गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत व चार गंभीर घायल


भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत व चार गंभीर घायल


भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत व चार गंभीर घायल


जौनपुर,10 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में बुधवार रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

थाना अंतर्गत कौली गांव निवासी अजय कुमार सिंह (48) का पड़ोसी दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर उनके परिजन अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अजय सिंह (48) की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में जानकारी लेने पर थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय मोर्चरी में रखवा दिया है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story