डीएम ने बूथों का निरीक्षण किया, उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ अनीता देवी सम्मानित
लखीमपुर खीरी, 28 नवंबर (हि.स.)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर पंजीकरण की हकीकत परखी।
तहसील सदर के परिषदीय विद्यालय जमुनिया स्थित बूथों पर डीएम ने नए मतदाताओं के फॉर्म-6 की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों की उसी दिन ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान श्रीनगर विधानसभा के बूथ संख्या 353 पर तैनात बीएलओ अनीता देवी के उत्कृष्ट कार्यों से प्रभावित होकर डीएम ने उन्हें प्रशंसा प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि निष्ठा से काम करने वाले कार्मिकों का उत्साहवर्धन जारी रहेगा।
उन्हाेंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में सभी एसडीएम और नोडल अधिकारी भी सक्रिय रहे। वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने भी जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर आलेख्य मतदाता सूची और पंजीकरण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

