कानपुर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल कर परखी गईं आपदा प्रबंधन की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल कर परखी गईं आपदा प्रबंधन की तैयारी


कानपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आपदा की स्थिति में शांति और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। यह बातें रविवार को आजाद नगर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में आयोजित ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान प्रभारी सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव ने कहीं।

शहर में आज शाम नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसमें हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में खोज, बचाव और राहत कार्यों की तैयारियों को परखा गया। अभ्यास जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महेंद्र सिंह तंवर के मार्गदर्शन में कराया गया।

मॉकड्रिल में क्षतिग्रस्त भवनों से घायलों को बाहर निकालने, मलबे में फंसे लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आपात स्थिति में राहत पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।

अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह के समन्वय में हुए अभ्यास में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, एनसीसी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, भारतीय सेना और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तत्परता भी परखी गई।

उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा ममता रानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इस मौके पर चीफ वार्डेन राजीव सिंह, डिप्टी चीफ वार्डेन आशीष कुमार बाजपेई, सहायक उपनियंत्रक मुकेश कुमार, प्रवीण वर्मा, योगेंद्र कुमार मिश्रा, धनंजय नारायण सिंह, मो. कैफ खान सहित अन्य वार्डेन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story