बीएल संतोष ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी के साथ की बैठक
लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव और शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। राज्यसभा के चुनाव के नामांकन के ठीक एक दिन पहले सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष लखनऊ पहुंचे। उन्होंने यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके आवास पर बैठक की।
बैठक में दोनों के बीच राज्यसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान टिकटों के चयन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की रणनीति और अंतिम रोडमैप भी तैयार कर लिया गया है।
किसी भी वक्त हो सकता है उम्मीदवारों का ऐलान
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 06 अक्टूबर मंगलवार है। माना जा रहा है कि भाजपा सोमवार को किसी भी वक्त अपने राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है।
सुल्तानपुर में संघ और बीजेपी की बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक संपन्न करने के तुरंत बाद बी.एल. संतोष लखनऊ से सीधे सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। सुल्तानपुर में सोमवार को ही समन्वय बैठक आयोजित की गई है, जिसमें गोरक्ष प्रांत और काशी प्रांत के भाजपा व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शीर्ष पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। इस बैठक के जरिए आगामी चुनावों के लिए धरातल पर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सुल्तानपुर की बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, क्षेत्र प्रचारक अनिल के अलावा गोरखपुर व काशी के प्रांत प्रचारक शामिल होंगे। भाजपा की ओर से संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह शामिल होंगे।
बी.एल. संतोष के इस दौरे और मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद अब सबकी नजरें बीजेपी की आने वाली प्रत्याशियों की लिस्ट पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

