अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष करें किसान : राकेश टिकैत

WhatsApp Channel Join Now
अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष करें किसान : राकेश टिकैत


फर्रुखाबाद, 12 जून( हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद में कहा कि किसानों को अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा और यदि प्रशासन दबाव बनाएगा तो किसान आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने किसानों को आलू की उचित कीमत दिए जाने की भी वकालत करते हुए कहा कि अभी उपज की लागत के अनुपात में दाम कम हैं।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष अजय कटियार की माता के शांति पाठ कार्यक्रम में पहुंचे राकेश टिकैत ने हवन में आहुति देकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस माैके पर उन्हाेंने किसानाें से जुड़े मुद्दाें पर पत्रकाराें से चर्चा भी की। लिंक एक्सप्रेसवे और किसानों की जमीन अधिग्रहण को लेकर राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को अपनी जमीनें बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अभी एक एक्सप्रेसवे निकल रहा है, आगे और परियोजनाएं आएंगी। किसानों को अपनी जमीन बचाने के लिए प्रशासनिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे में जिन किसानों की जमीन जा रही है, वहां सर्किल रेट में जो बढ़ोतरी हुई है, वह किसानों और संगठन के संघर्ष का नतीजा है। जहां सर्किल रेट कम हैं, वहां भी आंदोलन के जरिए उन्हें बढ़वाया जाएगा। फर्रुखाबाद को आलू की बड़ी मंडी बताते हुए राकेश टिकैत ने किसानों की उपज के उचित मूल्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को आलू का सही दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक किलो भी आलू क्रय केंद्र तक नहीं पहुंचा, सिर्फ कागजों में खरीद दिखाई जाती है।

किसान नेता टिकैत ने कहा कि किसान आज भी खाद के लिए लाइन में खड़े रहने के लिए मजबूर है। सरकार को किसानों की जमीनों पर नजर रखने के बजाय खाद और कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। इस अवसर पर कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह यादव, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव उदयवीर यादव, सचिव तिलक सिंह राजपूत, आगरा मंडल उपाध्यक्ष रूपेंद्र शाक्य, आगरा युवा मंडल सचिव विपिन यादव, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष आरव सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story