बागपत में भाकियू (अराजनैतिक) ने किया प्रदर्शन
बागपत, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तत्वावधान में शुक्रवार को किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दाैरान अपर जिलाधिकारी राजीव राय के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन साैंपा है। इस ज्ञापन में गन्ना मूल्य वृद्धि समेत छह सूत्रीय मांगे रखी गई हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश में गन्ना केवल फसल नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। 48 लाख गन्ना किसान परिवार इससे जुड़े हैं। डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ी है, जबकि गन्ने ओर गेंहू के मूल्य में लागत के अनुरूप वृद्धि नहीं हुई। वहीं चीनी का खुदरा मूल्य 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 के बीच 48.18 रुपये से बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
इसको देखते हुए संगठन ने 6 सूत्रीय मांगें रखीं हैं।
इनमें सबसे पहली मांग है कि गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित हो और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो। दूसरी मांग असमय बारिश से फसल नुकसान का मुआवजा मिले, हाल की असमय बारिश और तेज हवाओं से धान, उड़द, मूंग की फसल को नुकसान का ग्रामवार सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा व बीमा भुगतान दिलाया जाए। तीसरी मांग आलू किसानों को सस्ता बीज और कोल्ड स्टोर की सुविधा दी जाए। चाैथी मांग उद्यान विभाग से 3600 रुपये कुंतल की दर से बीज दिया जा रहा है, जबकि बाजार भाव 700 रुपये है। बीज का मूल्य बाजार भाव के दोगुने या 1500 रुपये कुंतल से अधिक न तय किया जाए। पांचवी मांग बड़ी संख्या में किसान दूसरे की जमीन ठेके पर लेकर खेती करते हैं, भूमि अभिलेखों में नाम न होने से वे मुआवजे से वंचित रह जाते हैं। ग्राम पंचायत, लेखपाल व कृषि विभाग के संयुक्त सत्यापन से वास्तविक खेती करने वाले की पहचान कर राहत दी जाए। आखिरी और अंतिम मांग यह है कि फसल की आवश्यकता के अनुसार यूरिया और डीएपी की जिला व ब्लॉक स्तर पर मांग का आकलन कर पर्याप्त स्टॉक रखा जाए और कालाबाजारी पर कठोर कार्रवाई हो। अपर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियाें से कहा है कि उनकी जाे मांग है वाे शासन तक पहुंचायी जाएगी।
ज्ञापन पर एनसीआर महासचिव सक्षम शर्मा, साइस्ता, उस्मान, सकीला, खुर्शीदा, मुनाजिरा, सन्नो, संजीव, रूपपाल सिंह, अरमान, राजेन्द्र सिंह, प्रदीप पवार, धीरेन्द्र, सागर तोमर, सुदेश, शिवा आदि किसानों के साथ जिला अध्य्क्ष सहदेव प्रधान शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

