राहुल गांधी के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, पुतला दहन


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बड़ा चौराहा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

कार्यकर्ताओं ने ‘देशद्रोही’ लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सड़क पर राहुल गांधी के पोस्टर को पैरों तले रौंद दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

यह प्रदर्शन तमिलनाडु के मंडपम में आयोजित इंडिया एआई एक्सपो समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के विरोध में किया गया। आरोप है कि एक्सपो स्थल पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और पवेलियन तक पहुंचकर टी-शर्ट उतारकर विरोध जताया था। इसी घटनाक्रम के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किए।

भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन में प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक और अशोभनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश हित से जुड़े हर कदम का विरोध करते हैं। शिवांग मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की गतिविधियां नहीं रुकीं तो भाजपा युवा मोर्चा आगे भी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story