युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का कानपुर-बुंदेलखंड प्रवास चार व पांच अगस्त काे, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा : सुनील साहू

WhatsApp Channel Join Now
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का कानपुर-बुंदेलखंड प्रवास चार व पांच अगस्त काे, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा : सुनील साहू


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का दो दिवसीय चार व पांच अगस्त काे कानपुर-बुंदेलखंड प्रवास संगठन को नई ऊर्जा देगा। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी।

यह बातें सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने कहीं। भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चार अगस्त को कानपुर महानगर के 42 निर्धारित स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। प्रत्येक स्थल के लिए संयोजकों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं ताकि सभी कार्यक्रम तय समय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।

उन्होंने बताया कि स्वागत कार्यक्रमों में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारी, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रवास के प्रथम चरण में कानपुर महानगर में युवा मोर्चा की संगठनात्मक बैठक होगी, जिसमें डॉ. रोहित मिश्रा संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया की भूमिका, युवाओं की भागीदारी और विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन पांच अगस्त को जालौन से झांसी तक लगभग 30 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद झांसी में होने वाली संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष क्षेत्रीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा युवा मोर्चा के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करेंगे। सुनील साहू ने कहा कि यह प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्र में युवा मोर्चा की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों में समय पर पहुंचकर सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story