कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में बड़ी जीत दर्ज होगी : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में बड़ी जीत दर्ज होगी : केशव प्रसाद मौर्य


--मोदी सरकार की योजनाओं से गरीबों के आंसू पोंछे गए, विपक्ष केवल झूठा नैरेटिव फैलाता रहा: केशव प्रसाद मौर्य

--भाजपा यमुनापार प्रशिक्षण वर्ग का समापन

प्रयागराज, 16 मई (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस शनिवार को सच्चा बाबा आश्रम अरैल नैनी में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया और कार्यशैली को मजबूत करने हेतु विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण का समापन हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत का संकल्प दिलाया और “मेरा बूथ सबसे मजबूत” का लक्ष्य तय कराया।

छठें सत्र के वक्ता विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने “देश के समक्ष चुनौतियां एवं निदान” विषय पर सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले आतंकी घटनाओं के बाद देश में केवल “पाकिस्तान से बचाओ” की आवाज उठती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देना शुरू किया तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठने लगी कि “भारत से बचाओ।” उन्होंने कहा कि धारा 370 समाप्त कर लाल चौक पर राष्ट्रध्वज लहराना राष्ट्रवाद की बड़ी जीत है।

आठवें सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता संपर्क, संवाद और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए बूथ को चुनावी सफलता की रीढ़ बताया। नवम सत्र में प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने मीडिया प्रबंधन एवं व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का दायित्व है। उन्होंने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव से सतर्क रहने और तथ्यों के साथ जवाब देने की सीख दी।

ग्यारहवें एवं समापन सत्र में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों में गरीबों को केवल भाषण मिलता था, जबकि भाजपा सरकार ने वास्तविक लाभ पहुंचाया।

उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में संविधान के नाम पर दुष्प्रचार किया गया, लेकिन जनता अब समझ चुकी है कि संविधान की सच्ची पुजारी भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि “लाल टोपी और जालीदार टोपी वाले” बरसाती मेंढक की तरह उछल-कूद करते हैं, जबकि भाजपा का कार्यकर्ता बूथ पर डटकर संगठन के लिए कार्य करता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार हनुमान जी की शक्ति से असंभव कार्य संभव हुआ, उसी प्रकार कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में उत्तर प्रदेश में 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज होगी। उन्होंने यमुनापार की चारों सीटों सहित प्रयागराज की सभी सीटों पर विजय का लक्ष्य तय कराते हुए “विकास और विरासत” को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। अंत में उपमुख्यमंत्री ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत” का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं को 2027 में प्रचंड जीत के लिए जुट जाने का संकल्प दिलाया।

समापन सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत प्रथम दिवस रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा द्वितीय दिवस योगाभ्यास का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। सभी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने रात्रि प्रवास कर दो दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इस अवसर पर काशी क्षेत्र क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी अमरनाथ यादव, वर्ग प्रभारी अनिल सिंह, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक करछना पियूष रंजन निषाद, लोकसभा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी, योगेश शुक्ला सहित पूर्व जिलाध्यक्ष, विभवनाथ भारती, शिवदत्त पटेल, विनोद प्रजापति के साथ जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा जिलाध्यक्ष-महामंत्री, मंडल अध्यक्ष एवं आमंत्रित सदस्य व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story