नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकतंत्र के इतिहास का ऐतिहासिक निर्णय : डॉ. कीर्तिका अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकतंत्र के इतिहास का ऐतिहासिक निर्णय : डॉ. कीर्तिका अग्रवाल


-नारीशक्ति सम्मेलन, पदयात्रा, बाइक रैली समेत कई कार्यक्रमों की घोषणा

-अभियान के तहत बारा, कोरांव, मेजा व करछना विधानसभा में होंगे आयोजनप्रयागराज, 13 अप्रैल (हि.स)। नारी शक्ति केवल एक नारा नहीं, बल्कि नए भारत की सबसे बड़ी ताकत है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतांत्रिक इतिहास का ऐतिहासिक निर्णय है, जो महिलाओं को भागीदार से निर्णयकर्ता बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। यह कानून सामाजिक न्याय, समान अवसर और सशक्त लोकतंत्र का प्रतीक बनेगा।यह बातें सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय सिविल लाइंस में प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने भाजपा यमुनापार जिला द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना महिला नेतृत्व के बिना अधूरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं एनडीए सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने इसे महिला नेतृत्व को वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा कविता यादव त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत नारी शक्ति सम्मेलन बारा एवं कोरांव विधानसभा में 18 अप्रैल, जबकि मेजा एवं करछना विधानसभा में 15 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा नारी शक्ति पदयात्रा 16 अप्रैल को निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लेखन, दीवार लेखन, बाइक रैली, मिस्ड कॉल अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नारीशक्ति मार्च, नारीशक्ति विजय दौड़ सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिला सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने आभार व्यक्त किया। संचालन एवं परिचय भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर अभियान के संयोजक राजेश्वरी तिवारी, संतरा देवी, शोभा द्विवेदी, पूजा विंद, डॉ. देवी सिंह, सतीश विश्वकर्मा, शालिनी श्रीवास्तव, आरती सिंह, अनिल मिश्रा व पुष्पा श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story