सत्यापन कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कर संगठन को सशक्त करें : राजेश शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
सत्यापन कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कर संगठन को सशक्त करें : राजेश शुक्ला


-20 मंडल कार्यसमिति, शक्ति केन्द्र एवं बूथ समितियों के सत्यापन के लिए प्रवासियों को सौंपी गई किट-अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर सभी बूथों पर साफ-सफाई के साथ होगी संगोष्ठी

प्रयागराज, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार जिले की संगठनात्मक योजना बैठक रविवार को कैम्प कार्यालय रामपुर करछना में जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जिले के 20 मंडलों में मंडल कार्यकारिणी, शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों के सत्यापन को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सत्यापन कार्य के लिए नियुक्त सभी मंडल प्रवासी, जिला पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को सत्यापन से सम्बंधित सूची एवं किट वितरित की गई। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने निर्देशित किया कि सत्यापन कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने दी और बताया कि सत्यापन कार्य को गति देने के उद्देश्य से मंडल प्रवासियों के लिए “मंडल प्रवासी कार्यशाला” का आयोजन ज्ञानपुर (भदोही) में किया गया था। इस कार्यशाला में प्रवासियों को सत्यापन प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह व काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल द्वारा दिया जा चुका है। साथ ही प्रदेश द्वारा जारी सत्यापन सूची की किट भी उपलब्ध कराई गई है।

बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय लिया गया कि जयंती की पूर्व संध्या पर साफ-सफाई अभियान एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक बूथ पर अंबेडकर जयंती कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं एवं आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मंडल प्रवासी जिला महामंत्री रामसुख कुशवाहा, प्रदीप पांडेय, रत्नाकर सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह, राजेश धनगर, अजय सिंह, गौतम भारती, अजीत मिश्र, पृथ्वी पाल सिंह, नागेश्वर निषाद, आनन्द तिवारी, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, सर्वेश पांडेय, मांडवी शरण द्विवेदी, राजमणि पासवान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story