हर बूथ, हर घर पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता, पात्रों को दिलाएंगे योजनाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
हर बूथ, हर घर पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता, पात्रों को दिलाएंगे योजनाओं का लाभ


कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ के एक-एक घर तक पहुंचेंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यकर्ता पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करेंगे। यह बातें भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने शनिवार को नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में हुई बैठक के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महज कार्यक्रम नहीं, बल्कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम है। कार्यकर्ता अभियान को पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ चलाएं, ताकि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि अभियान के तहत लगाए जाने वाले कैंपों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। कार्यकर्ता कैंपों के आसपास हेल्प डेस्क लगाकर पात्र लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करें और उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया से जोड़ें।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाए गए ‘हर घर दीया, घर-घर दीया’ कार्यक्रम की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी सेवा सेतु अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि रविवार को वडनगर से वाराणसी जा रही यात्रा का भाजपा कानपुर उत्तर के कार्यकर्ता दोपहर तीन बजे पनकी पड़ाव पर स्वागत करेंगे। बैठक का संचालन शिवांग मिश्रा ने किया।

इस दौरान प्रमोद विश्वकर्मा, पूनम कपूर, अवधेश सोनकर, जन्मेजय सिंह, नवाब सिंह, सीमा, सत्यम गुप्ता, वात्सेय त्रिपाठी, किरन तिवारी, पारस मदान, रीता पासवान, मोनेन्द्र राजपूत, रामजी गुप्ता, सरोज सिंह, राधा सैनी, हर्षित श्रीवास्तव, लाला, सोनू राठौर, जिशान अहमद, स्पर्श कटियार, रवि सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story