भाजपा कार्यकर्ताओं और जिला पंचायत अध्यक्ष ने सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’
मथुरा, 26 जुलाई(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का रविवार को मथुरा महानगर और जिलेभर में सामूहिक श्रवण बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया।छात्र आंदोलन के उपरांत आयोजित इस कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पाली खेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत मंसा टीला, वरुण विहार स्थित रमन लाल सोरावाला स्कूल (बूथ संख्या 443) पर ‘मन की बात’ सुनी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किशन चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और हर नागरिक को देश की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण, जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास के संकल्प को मजबूती के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
वृंदावन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की शिरकत
वृंदावन के अट्टला चुंगी स्थित पार्षद कार्यालय (बूथ संख्या-12) पर उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई) पर वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, महामंत्री विनीत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ललित गौतम, जिला मंत्री अंकुर गुर्जर, पूजा चौधरी, मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र वार्ष्णेय, सतीश बघेल, प्राण बल्लभ दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

