भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी सभी शक्ति केंद्रों तक करें संपर्क, न छूटने पाए कोई बूथ: प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी सभी शक्ति केंद्रों तक करें संपर्क, न छूटने पाए कोई बूथ: प्रकाश पाल


कानपुर, 19 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सभी शक्ति केंद्रों तक संपर्क करके प्रयास करें की कोई बूथ न छूटने पाए और सभी पर मन की बात को सुना जाए। यह बात मंगलवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बूथ सशक्तीकरण, आयुष्मान भव और मन की बात के लिए तैयारियों का जायजा लेते हुए कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तीकरण के लिए सभी कार्यकर्ता जुटेंगे। विशेष रूप से वरिष्ठों को एक से दो मंडलों में लगाया जाएगा। बूथों पर भाजपा ने पहले ही कमेटियों का गठन किया हुआ है। इस बूथ सशक्तीकरण अभियान में 21, 22 तथा 23 सितंबर को पुनरीक्षण कार्यक्रम चला कर बूथ की सक्रियता को बढ़ाया जाएगा और कोई कमी होगी तो उसको सुधारा भी जाएगा।

इसी प्रकार आयुष्मान भव कार्यक्रम के अंतर्गत जो स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, उसके लिए भी जागरूकता बढ़ाकर भाजपा कार्यकर्ता जनता को लाभ पहुंचाएंगे। स्वास्थ्य शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसका ध्यान रखने के साथ साथ जनता की सुविधाओं का भी ध्यान भाजपा के कार्यकर्ता रखेंगे। 24 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात को हर बार की तरह प्रत्येक बूथ पर सुना जाए, इसका प्रयास करना है।

उन्होंने पदाधिकारियों को कहा कि आप सभी शक्ति केंद्रों तक संपर्क कर प्रयास करें कि कोई बूथ न छूटे। सभी पर मन की बात को सुना जाए। बैठक में पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, मोहित पाण्डेय, अचल गुप्ता आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/सियाराम

Share this story