सपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन


औरैया, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हमीरपुर-महोबा से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र लोधी की ओर से की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू चौहान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए नारेबाजी की।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार की अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी समाजवादी पार्टी की हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता लगातार समाजवादी पार्टी को नकार रही है, जिसके कारण उसके नेताओं की भाषा और व्यवहार असंतुलित होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने भी सांसद की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं और भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनता सब देख रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने “समाजवादी सांसद होश में आओ” और “अखिलेश यादव शर्म करो” जैसे नारे लगाए।

इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री मनु राजपूत, जिला मंत्री रविंद्र शाक्य, खुशबू पांडे, स्वीटी कुशवाहा, कंचन श्रीवास्तव, प्रतिमा अवस्थी, श्रद्धा चौहान, नीता सेंगर, मोनिका शर्मा, प्रतिमा पोरवाल, मुन्नी वर्मा सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story