22 से 24 नवंबर तक वार्डों में मतदाता पंजीकरण शिविर लगाएंगे भाजपा पार्षद : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
22 से 24 नवंबर तक वार्डों में मतदाता पंजीकरण शिविर लगाएंगे भाजपा पार्षद : अनिल दीक्षित


कानपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में विशेष शिविर लगाकर अभियान को सफल बनाएं। 22 से 24 नवंबर तक शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण कराया जाए। यह बातें शुक्रवार को नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय में पार्षदों की बैठक में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।

उन्होंने कहा कि विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। इसमें पार्षदों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने किया, जबकि पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने आभार व्यक्त किया।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, विनायकपुर वार्ड के पार्षद कौशल मिश्रा ने सिलेंडर चौराहे को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में स्थानीय नागरिकों और पार्षदों के साथ जिला अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इस पर अनिल दीक्षित ने जांच कमेटी गठित कर तथ्यों के आधार पर न्यायपूर्ण कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में पार्षद गोविंद शुक्ला, धीरू त्रिपाठी, विवेक शर्मा, नीरज कुरील, गुंजन शर्मा, सीमा एमबीए, नीरज गुप्ता, अमित गुप्ता, आकर्ष बाजपेई, आदर्श गुप्ता और मनीष अवस्थी समेत जिले के सभी पार्षद मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story