राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन पर जनता की मुहर : सहजानंद राय

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन पर जनता की मुहर : सहजानंद राय


गोरखपुर, 04 मई (हि.स.)। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के घोषित परिणामों ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनविश्वास की नई इबारत लिख दी है। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने साेमवार काे इस ऐतिहासिक जनादेश पर देशवासियों, प्रदेश की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह विजय केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर जनता की अटूट आस्था की स्वर्णिम मुहर है।

राय ने कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अब राजनीति का केंद्र जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और नकारात्मकता नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता, सुरक्षा, सम्मान और राष्ट्रहित है। जनता ने विपक्ष के झूठ, भ्रम और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा के सेवा-संकल्प को स्वीकार किया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर विशेष प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राय ने कहा कि बंगाल की धरती ने परिवर्तन का प्रखर शंखनाद किया है। यह परिणाम उस जनाकांक्षा का उद्घोष है जो लंबे समय से भय, भ्रष्टाचार, हिंसा और राजनीतिक असुरक्षा के वातावरण से मुक्ति चाहती थी। बंगाल की जनता ने लोकतंत्र की गरिमा, जनस्वाभिमान और विकास के पक्ष में निर्णायक संदेश दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story