देवरिया में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित, कार्यकर्ता हुए प्रशिक्षित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित, कार्यकर्ता हुए प्रशिक्षित


देवरिया में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित, कार्यकर्ता हुए प्रशिक्षित


- राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करें कार्यकर्ता - शशांक मणि

देवरिया, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जनपद देवरिया के विभिन्न स्थानों पर रविवार काे प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित किया गया । सात सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण महाअभियान के सभी सत्रों को सांसद, विधायक व अन्य प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया ।

क्षेत्र के कतरारी में स्थित एक मैरेज हाल में देवरिया नगर मंडल के प्रशिक्षण अभियान में कार्य विस्तार पर हमारी दृष्टि विषय पर संबोधित करते हुए सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा संगठन का कार्य विस्तार बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक एक कैडर-आधारित संरचना पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ जनसंपर्क, विचारधारा का प्रसार और चुनावी प्रबंधन को मजबूत करना है। यह संरचना भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाती है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से प्रेरित है।

इस दौरान इतिहास एवं विकास विषय पर बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्पित है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए।

सदर विधायक डा शलभ मणि त्रिपाठी ने सरकार की उपलब्धियों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया गया, अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर निर्माण किया गया । इसी प्रकार प्रदेश प्रवक्ता एस एन सिंह ने भी अपने विचार रखे। पूर्व विधायक डा सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, अभय नाथ त्रिपाठी, प्रेम अग्रवाल, अखिलेश जायसवाल, वीरेंद्र सिंह, संजय तिवारी, भारती शर्मा, अर्चना पांडे, अजय मणि त्रिपाठी, निर्मला गौतम, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, अटल बरनवाल, अजय सिंह, संजू सोनी, रविंद्र राव, विजय लक्ष्मी सिंह, सुधीर मधेशिया, रविशंकर नाथ त्रिपाठी, अमन वर्मा, दीपू यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story