स्थापना दिवस धूम धाम से मनाएगी भाजपा, सरकार की उपलब्धियों पर हाेगी चर्चा : जनार्दन तिवारी
गोरखपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार को रानीडीहा स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी की अध्यक्षता में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर तैयारी बैठक की गयी, जहाँ पर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने आगामी 06 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा कार्यकर्ताओं के बीच साझा की। कहा कि जिला के सभी बूथों पर स्थापना दिवस पूरे उत्साह एवं संगठनात्मक सक्रियता के साथ मनाया जायेगा।
जिलाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि 5, 6 एवं 7 अप्रैल को पार्टी के सभी मण्डल, जिला एवं अन्य कार्यालयों को फूलों, स्वदेशी लाइटिंग एवं रंगोली से सजाया जायेगा। 06 अप्रैल को सभी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा तथा मिष्ठान वितरण किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज लगाकर स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा भाजपा की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर ध्वज लगाने का अभियान भी चलाएंगे।
तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 6 व 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन होगा। वहीं 7 से 12 अप्रैल तक गाँव-बस्ती संपर्क अभियान” चलाया जायेगा, जिसके तहत जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी गाँवों में स्वच्छता अभियान चलायेंगे, लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा बुद्धिजीवियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 8 व 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन विस्तार, भाजपा की विचारधारा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम को निवर्तमान जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन जिला उपाध्यक्ष जगदीश चौरसिया ने किया।
इस अवसर पर पिपराइच विधायक महेंद्रपाल सिंह, चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला, छोटेलाल मौर्य, संजय सिंह, जिला महामंत्री ब्रह्मानंद शुक्ल, डॉ. आर.डी. सिंह, महंत सिंह, सबल सिंह, राजाराम कनौजिया, चंचला शुक्ला, दुर्गेश दुबे, विनय सिंह, स्वतंत्र सिंह, डा सदानन्द शर्मा, रामानंद यादव, ओम प्रकाश धर द्विवेदी, राम उजागिर शुक्ल, नरेंद्र सिंह, केबी सिंह, उपेन्द्र गौड़ सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

