शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर संगठन सक्रिय करने पर जोर
जौनपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सीहीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को मतदाता संपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा संगठन के पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला प्रभारी दिनेश मौर्या ने चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा मतदाताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने किया। इस दौरान राजेंद्र श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा, स्कंध पटेल, संदीप सिंह, धनंजय कश्यप, सुदर्शन सिंह, विजय पटेल, संतोष उपाध्याय, राजेश सोनकर, जयेश सिंह, कमलेश राय, चंद्रप्रकाश सिंह पप्पू, अभिषेक नारायण सिंह, मोहन राजभर, हरिश्चंद्र मौर्या, हरिराम पाल, अनुपमा राय, रिशु सिंह रिद्धिमा, सोनी जायसवाल, डॉ. रामचंद्र बिंद और अखिल प्रताप सिंह मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

