उप्र में भाजपा 2027 में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी : सुरेश मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में भाजपा 2027 में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी : सुरेश मौर्य


उप्र में भाजपा 2027 में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी : सुरेश मौर्य


उप्र में भाजपा 2027 में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी : सुरेश मौर्य


अमेठी, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य रविवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे। उनके आगमन पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश कुमार अग्रहरी उर्फ राजेश मसाला ने रास्ते में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ नगर पंचायत कार्यालय परिसर पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के बीच प्रदेश उपाध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत नगर पंचायत परिसर में सुरेश मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू कसौधन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

मीडिया से बातचीत में सुरेश मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ वृक्ष लगाए जा रहे हैं और प्रत्येक पौधे के संरक्षण की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि जलवायु सुधार के लिए जल संरक्षण और वृक्षारोपण दोनों समान रूप से आवश्यक हैं। गिरते भूगर्भ जल स्तर को जल संरक्षण से बचाया जा सकता है, जबकि वृक्षारोपण से दूषित वायु को शुद्ध किया जा सकता है।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सुरेश मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के बीच न तो कोई तालमेल है और न ही भविष्य में बनने की संभावना है। पूर्व के महागठबंधन का भी जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था और इस बार भी ऐसा ही होगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें जनहित में लगातार प्रभावी कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से आम जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है और यही विश्वास वर्ष 2027 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत की हैट्रिक का आधार बनेगा।

इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवनारायण तिवारी, नगर पंचायत अमेठी की अध्यक्ष अंजू एवं प्रतिनिधि फूलचंद कसौधन, भाजपा के नेता चंद्रकेश यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story