कानपुर देहात दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर देहात दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र


कानपुर देहात, 07 जून (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को कानपुर देहात के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की।

जनपद पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे रज्जन लाल मिश्रा के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की और उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, स्थानीय विधायक, सांसद तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसके बाद पंकज चौधरी भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

अपने दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भोगनीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके दौरे से संगठन को नई ऊर्जा और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति मिलेगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने जनता को गुमराह करने का प्रयास किया था, लेकिन अब सच्चाई लोगों के सामने आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा की जीत इसका प्रमाण है।

इंडिया गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दलों के बीच विश्वास और स्थिरता का अभाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके का दशकों पुराना संबंध रहा, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां बदलते ही सहयोगियों ने दूरी बना ली। उन्होंने पश्चिम बंगाल और झारखंड की राजनीतिक स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अब इंडिया गठबंधन का कोई विशेष महत्व नहीं रह गया है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story