अमित शाह करेंगे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह करेंगे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन


लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की इस महत्वपूर्ण बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अमित शाह करेंगे।

बैठक के समापन सत्र को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा, प्रदीप वर्मा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं संबोधित करेंगे।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व 29 अक्टूबर को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में प्रातः 11 बजे प्रारम्भ होने बाली प्रदेश पदाधिकारी बैठक में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे, प्रमुख विषयों एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, लोकसभा व राज्यसभा सांसद, लोकसभा प्रत्याशी 2024, विधायक, एमएलसी, विधानसभा प्रत्याशी 2022, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर पंचायत अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story