पिछड़ों को साधने के लिए बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू



कानपुर,19 मार्च (हि.स.)। आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में पिछड़ों को साधने के लिए रविवार को बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कानपुर में स्थित एक होटल में कुछ ही देर में शुरू होने जा रही है। उप्र के दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी एवं बीजेपी संगठन के केन्द्र एवं राज्य के कई पदाधिकारी शामिल होंगे। कुछ तो शनिवार शाम को शहर में पहुंच चुके है।

ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी जेपी कुशवाहा ने बताया प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लगभग दस बजे सीएसए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद सवा दस बजे विजय विला इंटरनेशनल होटल में पहुंचेगे। उपमुख्य मंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसराज अहीर, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहेंगे। यह बैठक शाम सात बजे तक चलेगी।

प्रदेश के औद्योगिक नगरी कानपुर से शुरू होने वाली बैठक राजनीति की दृष्टि से बहुत मायने रखती है। यहां से जाने वाला संदेश प्रदेश में ही नहीं मध्य प्रदेश तक जाता है। सपा के गढ़ माने जाने वाले इटावा, कन्नौज जैसे क्षेत्रों में भी इसका अच्छा असर पड़ता है। इसी वजह से भाजपा कानपुर को अच्छा मानती है।

जेपी कुशवाहा ने बताया कि कानपुर और आसपास के जिलों में ओबीसी वर्ग के लोग ज्यादा हैं। यहां से वर्ग के लिए एक बड़ा मैसेज जाएगा। कार्यसमिति में मंडल और बूथ स्तर पर ओबीसी वर्ग के 11 कार्यकर्ता रखे जाएंगे। स्थानीय निकाय चुनाव के तहत पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। निकाय चुनाव का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बीजेपी बैठक में पिछड़ी जातियों के कुर्मी, मौर्य, पाल, लोधी, निषाद, प्रजापति, कश्यप, साहू, राजभर और विश्वकर्मा को जोड़ने के लिए कवायद तेज करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story