सेवा संकल्प अभियान में भाजपा ने तेज किया जनसंवाद : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान में भाजपा ने तेज किया जनसंवाद : अनिल दीक्षित


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का आधार है और संगठन समाज के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है।

यह बात भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कही। अभियान के तहत संगठन ने जनसरोकारों से जुड़े तीन कार्यक्रम आयोजित किए। गोविंद नगर स्थित जागेश्वर अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को फल वितरित किए गए। इसके बाद मोतीलाल खेड़िया स्कूल में ‘सपनों का भारत’ विषय पर नाटक का मंचन कर विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

बर्रा स्थित आरएस एजुकेशन सेंटर में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से उनके लक्ष्य, रुचि और भविष्य की योजनाओं को लेकर संवाद किया गया। इस दौरान युवाओं को करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। एमएलसी अरुण पाठक ने युवा मार्गदर्शन को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना और संस्कार विकसित करने पर जोर दिया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से संगठन सेवा कार्यों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और संपर्क को लगातार मजबूत कर रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, कार्यक्रम संयोजक सीमा एमबीए, अतुल दीक्षित, संजीव चतुर्वेदी समेत भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story