बूथ कार्यकर्ताओं की ताकत से 2027 में फतह करेंगी भाजपा : बृजभूषण सिंह
सुलतानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर दमखम से जुटकर संगठन मजबूत करने के लिए आह्वान किया। उन्हाेंने जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर बूथ कार्यकर्ताओं की दम पर 2027 फतह करने के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा। उन्होंने बताया कि पार्टी 19 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी।
पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में शनिवार को भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक हुई। बैठक में बृजभूषण सिंह ने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। आज उत्तर प्रदेश कानून के शासन का मॉडल बन गया है। उन्होंने समाजवादी
पार्टी (सपा) सरकार के कार्यकाल की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष से जिलाध्यक्ष और वार्ड सदस्य से विधायक तक सभी पदाधिकारी घर-घर जाकर नए एवं छूटे पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराएंगे। इसे लेकर 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। महिला मोर्चा 28 से 30 नवंबर तथा युवा मोर्चा एक से तीन दिसंबर तक महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए अभियान चलाएगा।
जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के पास समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी टीम है। कार्यकर्ता मतदाता सूची लेकर घर-घर जाएं और कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार की प्राथमिकता गरीब कल्याण है।
जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप सिंह ने किया। इस दाैरान नवनियुक्त प्रदेश एवं क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्यों, मोर्चों के जिलाध्यक्षों और अन्य प्रदेश व क्षेत्र के पदाधिकारियों तथा विधानसभा प्रभारियों का अंगवस्त्र व धार्मिक पुस्तक भेंटकर स्वागत किया गया।
रघुवंशी ने बताया कि 19 से 21 नवंबर के बीच विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित होगी। इस मौके पर एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, राज प्रसाद उपाध्याय, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पाण्डे, डॉ आरए वर्मा, अर्जुन सिंह, देवमणि द्विवेदी, डॉ सीताशरण त्रिपाठी, करुणा शंकर द्विवेदी, जगजीत सिंह छंगू, ओम प्रकाश पाण्डे बजरंगी, योगेंद्र सिंह, प्रवीन कुमार अग्रवाल, शिवाकांत मिश्र, शशिकांत पाण्डे, संजय सोमवंशी, विजय सिंह रघुवंशी, संजय त्रिलोकचंदी, काली सहाय पाठक, गौरव मौर्य, सुमनराव कोरी, विजय लक्ष्मी शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख बंटी सिंह, चंदर प्रताप सिंह, डिम्पल सिंह, नवनीत सिंह, सुषमा जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

