राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम लखनऊ प्रवास को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, धर्मपाल सिंह ने बैठक में दिए दिशा-निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम लखनऊ प्रवास को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, धर्मपाल सिंह ने बैठक में दिए दिशा-निर्देश


बाराबंकी, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम लखनऊ प्रवास को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को बाराबंकी में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवध क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला लखनऊ आगमन है, जो भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव, उत्साह और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत भव्य, दिव्य और यादगार बन सके।

उन्होंने जिलाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के मंडल अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र संयोजक निर्धारित समय पर लखनऊ पहुंचें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दौरान अवध क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संगठनात्मक संवाद करेंगे। इस संवाद के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी तथा कार्यकर्ताओं को नई दिशा मिलेगी।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था को माइक्रो मैनेजमेंट, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने का आह्वान किया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति, अनुशासन और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह लखनऊ प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से ऐतिहासिक, प्रेरणादायी और सफल सिद्ध होगा।

कार्यक्रम राजमंत्री सतीश शर्मा, एस सी आयोग के अध्यक्ष बैद्यनाथ रावत, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह रावत प्रदेश महामंत्री उपेंद्र सिंह रावत, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, समेत प्रदेश व जिले के भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का प्रवास इसी सप्ताह प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story