कांग्रेस ने हमेशा महापुरुषों का अपमान किया, संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही भाजपा : रामकिशोर साहू

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने हमेशा महापुरुषों का अपमान किया, संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही भाजपा : रामकिशोर साहू


कहा- निष्क्रिय पदाधिकारियों को जल्द बदलेगी भाजपा

झांसी, 28 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी जिला झांसी की जिला कार्यशाला का आयोजन मंगलवार काे किया गया। कार्यशाला में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता एवं संत गुरु रविदास महाराज के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि रामकिशोर साहू ने जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों से परिचय प्राप्त कर संगठन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि डीएलपी अभियान में तेजी लाई जाए और प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन में निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों को हटाया जाएगा। साथ ही उन्होंने 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पूर्व दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रामकिशोर साहू ने कहा कि संत रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान प्रवर्तक थे। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर भाईचारे और समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और सेवा भावना से होती है। आज भी उनके विचार समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं और सामाजिक न्याय स्थापित करने के लिए उनके आदर्शों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार संतों, महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, विकास और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश के महापुरुषों का अपमान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के बताए सत्य, सेवा, सद्भाव, परिश्रम और समानता के मार्ग पर चलकर समरस समाज के निर्माण का आह्वान किया।

रामकिशोर साहू ने बताया कि प्रत्येक मंडल के पांच मंदिरों में संत रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक संदेश पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने सभी पदाधिकारियों से डीएलपी अभियान को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क पर निर्भर करती है। प्रत्येक पदाधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित प्रवास करे, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाए तथा संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ता आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में पूरी निष्ठा से योगदान देंगे।

कार्यक्रम में गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, राज्यमंत्री जमुना कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह चौहान, अशोक गिरी, जिनेंद्र जैन व जिला मीडिया प्रभारी दीपक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ. अनिल राज ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story