भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को होगी महत्वपूर्ण बैठक

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को होगी महत्वपूर्ण बैठक


प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में बनेगी रणनीति, गोरखपुर क्षेत्र के 12 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी होंगे शामिल

गोरखपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी 04 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित होने वाली पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार 01 नवंबर को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अभियान के अंतर्गत होने वाली इस पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। पदयात्रा की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित करने के उद्देश्य से यह बैठक शाम पांच बजे रानीडीहा स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में होगी।यह जानकारी भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने शनिवार काे दी।

उन्हाेंने बताया कि बैठक में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में गोरखपुर क्षेत्र में निवास करने वाले पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी, राज्यसभा और लोकसभा सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे नेता, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी, गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी तथा लोकतंत्र बचाओ अभियान पदयात्रा के जिला संयोजकों को भी आमंत्रित किया गया है। पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि आगामी 04 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा व्यापक जनभागीदारी से परिपूर्ण होगी और इसके माध्यम से पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जनता के बीच पहुंचाएगी।

विनोद राय ने कहा कि विपक्ष की ओर से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था को लेकर जनता के बीच जो सवाल एवं भ्रम खड़े किए जा रहे हैं, उनका जवाब जनता स्वयं इस पदयात्रा के माध्यम से देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ जन-जन तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में आयोजित होने वाली इस पदयात्रा को लेकर आम जनमानस में उत्साह है। पार्टी का प्रयास है कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो। इसके लिए संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। उन्हाेंने विश्वास जताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में आयोजित होने वाली यह पदयात्रा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। रविवार को होने वाली बैठक में तैयारियों की समीक्षा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story