भाजपा उत्तर जिला की कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तय : प्रकाश पाल
कानपुर, 28 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बूथ स्तर तक आम जनता के बीच पहुंचाया जाए। यह बातें गुरुवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।
भाजपा उत्तर जिला द्वारा गुरुवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी पांच से 21 जून तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा तय की गई।
प्रकाश पाल ने बताया कि अभियान की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा मीडिया संवाद, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, जनसंपर्क अभियान, विकसित भारत संकल्प अभियान और जन कल्याण शिविर समेत नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। संचालन अभियान संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष नवाब सिंह ने किया। कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, जन्मेजय सिंह और सीमा एमबीए समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

