मुरादाबाद : भाजपा स्थापना दिवस के तहत आयोजित ग्राम बस्ती चलो संपर्क अभियान का समापन

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : भाजपा स्थापना दिवस के तहत आयोजित ग्राम बस्ती चलो संपर्क अभियान का समापन


मुरादाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में रविवार को भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम के तहत 6 अप्रैल से आयोजित हो रहे ग्राम बस्ती चलो संपर्क अभियान के रविवार को समापन हो गया।

इस दौरान मुरादाबाद महानगर के सभी 10 मंडलों के सभी शक्ति केंद्रों व बूथों पर मतदाताओं के घर-घर जाकर जनसंपर्क किया गया। इस दौरान लोगों को पत्रिका, पत्रक व कैलेंडर वितरित करते हुए भाजपा की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताया।

इस अवसर पर भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक सदस्यों वाली राजनीतिक पार्टी भाजपा राष्ट्र सर्वोपरि एवं एकात्मक मानववाद के उत्थानात्मक उद्देश्य को लेकर कार्य कर रही है। भाजपा सरकार जनता को सुरक्षा, सुशासन, विकास देती है।

भाजपा प्रांतीय परिषद के सदस्य निमित जायसवाल ने कहा कि आज देश और प्रदेश का चतुर्मुखी विकास हो रहा है। वर्ष 2047 तक देश को महाशक्ति बनाने के लक्ष्य को लेकर प्रत्येक नागरिक एवं कार्यकर्ता को कार्य करना है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, नगर विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली चौहान, महानगर महामंत्री विशाल त्यागी, अमित शर्मा, शमी भटनागर, भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता

आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story