सांसद रवि किशन ने पश्चिम बंगाल में हिंसा के लिये तृणमूल कांग्रेस काे बताया जिम्मेदार
जौनपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल और हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सांसद रवि किशन ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है और ममता बनर्जी को नकार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को यह भ्रम हो गया था कि उन्हें कोई हरा नहीं सकता, लेकिन जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव का फैसला किया। रवि किशन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसी वजह से पश्चिम बंगाल में हिंसा और हत्याओं की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सांसद ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने “लूट, माफिया और गुंडों” के सहारे राजनीति की है और अब उसका असली चेहरा जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी पर हमला किया गया और राज्य में लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। रवि किशन ने मीडिया के माध्यम से तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अब समय बदल चुका है और जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि “गुंडई और बदमाशी” बंद करनी चाहिए, क्योंकि कानून अपना काम करेगा।
भाजपा सांसद ने कहा कि सरकार बनने के बाद हिंसा फैलाने वाले लोगों को पुलिस खोज-खोज कर कानून के कटघरे में खड़ा करेगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब अपराधियों के बच निकलने के रास्ते बंद हो जाएंगे। अंत में रवि किशन ने तृणमूल कांग्रेस से पश्चिम बंगाल में हिंसा और हत्याओं का दौर बंद करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और सभी दलों को उसका सम्मान करना चाहिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

