बूथ सशक्तीकरण पर भाजपा का जोर, प्रदेश पदाधिकारियों को प्रवास के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बूथ सशक्तीकरण पर भाजपा का जोर, प्रदेश पदाधिकारियों को प्रवास के निर्देश


बूथ सशक्तीकरण पर भाजपा का जोर, प्रदेश पदाधिकारियों को प्रवास के निर्देश


लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में नियमित प्रवास के निर्देश दिये। बूथ सशक्तीकरण पर जोर देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संगठन है। बूथ स्तर पर कार्य करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव का वास्तविक योद्धा है और उसी के अथक परिश्रम से संगठन की विजय सुनिश्चित होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह बूथ तक निरंतर प्रवास, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार नियमित सम्पर्क व संवाद, सक्रिय प्रवास और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित प्रवास करें, संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करें तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करें।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ आधारित संगठन है और हमारी सभी गतिविधियों का केंद्र बूथ होना चाहिए। जब तक बूथ मजबूत नहीं होगा, तब तक संगठन की शक्ति पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकती। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी बूथ सशक्तीकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित प्रवास और सतत संपर्क बनाए रखें।

बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सरल ऐप से जोड़ेगी भाजपा

भाजपा बूथ स्तर पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप से जोड़ेगी।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप से जोड़कर डिजिटल प्रशिक्षण पूर्ण कराया जाए। डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह अभियान भविष्य के सशक्त, सक्षम और तकनीक-संपन्न संगठन की आधारशिला बनेगा।

बैठक में जनसंपर्क अभियानों, वृक्षारोपण अभियान, डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा कारगिल विजय दिवस सहित विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story