बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क में रहें पदाधिकारी : धर्मपाल सिंह

WhatsApp Channel Join Now
बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क में रहें पदाधिकारी : धर्मपाल सिंह


बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क में रहें पदाधिकारी : धर्मपाल सिंह


लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित बैठक में कहा कि प्रदेश पदाधिकारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क में रहें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी के प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों, पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित सम्पर्क व संवाद स्थापित किया जाए। संगठन का विस्तार और सुदृढ़ीकरण केवल बैठकों से नहीं बल्कि निरंतर संपर्क, समन्वय और सक्रिय सहभागिता से संभव है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्व क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करें और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखें।

धर्मपाल सिंह ने आगामी वृक्षारोपण अभियान को संगठन का महत्वपूर्ण जनअभियान बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज राष्ट्रीय आवश्यकता है। प्रत्येक पदाधिकारी इस अभियान में व्यक्तिगत सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दें। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया जाए।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे प्रदेश में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, पूर्व सैनिकों का सम्मान करने तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि अनुशासन, समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story