क्षेत्रों में जाकर बूथ समितियों का सत्यापन करें पार्टी पदाधिकारी: धर्मपाल सिंह

WhatsApp Channel Join Now
क्षेत्रों में जाकर बूथ समितियों का सत्यापन करें पार्टी पदाधिकारी: धर्मपाल सिंह


लखनऊ/अलीगढ़ 03 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को अलीगढ़ में ब्रज क्षेत्र की बैठकों को संबोधित करते हुए संगठन के बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ता सक्रियता एवं जनसंपर्क को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश दिए। बैठकों में जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं सभी मंडलों के प्रवासियों के साथ संगठन की बूथ स्तर पर मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ समितियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। जहां भी बूथ समितियां अधूरी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम का गठन कर उसका सतत संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता बनी रहे।

श्री सिंह ने कहा कि संगठन की सफलता का मूल मंत्र अनुशासन, निरंतरता और सक्रियता है। उन्होंने मंडल प्रवासियों से संवाद करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का दौरा करें, बूथ स्तर तक संपर्क स्थापित करें।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका सुदृढ़ संगठनात्मक ढांचा है, जिसकी नींव मजबूत बूथ इकाई पर खड़ी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि बूथ मजबूत होगा, तो संगठन स्वतः ही मजबूत होगा और यही चुनावी सफलता का आधार बनेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और उनकी सक्रियता से ही पार्टी की विचारधारा, नीतियां और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए बूथ स्तर पर नियमित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।

उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षण वर्गों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति और जनसंपर्क के कौशल से सुसज्जित किया जाता है। इसलिए आगामी प्रशिक्षण वर्गों को सुव्यवस्थित, अनुशासित और परिणामोन्मुखी बनाया जाए।

धर्मपाल सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूर्ण समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ बूथ सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाएं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story