हर बूथ पर पांच महिलाओं की टोली बनाकर चुनावी मैदान में उतरेगा महिला मोर्चा : सरोज कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
हर बूथ पर पांच महिलाओं की टोली बनाकर चुनावी मैदान में उतरेगा महिला मोर्चा : सरोज कुशवाहा


कानपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा महिला मोर्चा हर बूथ पर पांच महिलाओं की टोली बनाकर चुनावी मोर्चा संभालेगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी देंगी। विपक्ष के भ्रम और झूठ का जवाब सरकार के कामों से दिया जाएगा। यह बातें सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।

बैठक में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों से महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुईं। इसमें वर्ष 2010 से अब तक महिला मोर्चा में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी महिलाओं को भी बुलाया गया। संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश सह प्रभारी मेघा कुलकर्णी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। मेघा कुलकर्णी ने कहा कि भाजपा की महिला कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं लाभार्थी की भूमिका से आगे बढ़कर विकास कार्यों में नेतृत्व कर रही हैं। महिला कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर महिलाओं से सीधा संवाद करना चाहिए और सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचानी चाहिए।

राम किशोर साहू ने कहा कि 17 जिलों की महिला कार्यकर्ताओं का एक मंच पर जुटना संगठन की मजबूती का प्रमाण है। भाजपा में महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय लेने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने पुरानी और अनुभवी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर नई ऊर्जा से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने की और संचालन श्वेता सिंह ने किया। इसमें प्रदेश मंत्री किरण निषाद, क्षेत्रीय प्रभारी नीतू सिंह, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, मनीषा अनुरागी, कमलावती सिंह, पुष्पा तिवारी, जयंती राजपूत, महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता और पूनम द्विवेदी समेत 17 जिलों की महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story