प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा सांसद मांगें माफी

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा सांसद मांगें माफी


प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा सांसद मांगें माफी


जौनपुर,14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए सपा सांसद के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए रागिनी सिंह ने कहा कि सार्वजनिक मंच से देश के सर्वोच्च पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ निम्नस्तरीय भाषा का प्रयोग न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग सपा की मानसिकता को दर्शाता है।

भाजपा जिला मंत्री अंशु कुशवाहा ने कहा कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी बिना शर्त देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगें। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह अपने सांसद की भाषा का समर्थन करता है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन तहसील और गांव स्तर तक चलाया जाएगा।

क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा अर्चना शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी बेहद अशोभनीय है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी और संबंधित सांसद पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान विमला श्रीवास्तव, किरन मिश्रा, प्रीति गुप्ता, राखी सिंह, वंदना सिंह, पूनम प्रजापति, पूजा सिंह समेत सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story