भाजपा महिला मोर्चा का सपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
मथुरा, 14 मई(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर मथुरा में राजनीतिक पारा गरमा गया है। गुरुवार को भाजपा महानगर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट संदेश दिया कि राजनीतिक संवाद की मर्यादा का उल्लंघन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह प्रदर्शन भाजपा जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के निर्देशन और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पूजा चौधरी के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ताओं ने ‘सपा सांसद आजेंद्र लोधी शर्म करो’ और ‘अखिलेश यादव शर्म करो’ जैसे नारों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर गूंजता रहा। प्रदर्शन के पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुदिता शर्मा ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए अमर्यादित भाषा का उपयोग लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुँचाता है। वहीं, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूजा चौधरी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रही है।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष दीपा अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाली है, जबकि देश उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में नीलम पाण्डेय, वंदना अरोड़ा, नीलम चौधरी, हेमा सिंह, सावित्री, मनीषा, ज्योति चतुर्वेदी, पूजा सैनी, उर्मिला दीक्षित, पार्षद शशि शुक्ला, कृष्णा चौधरी, रामदुलारी, आरती चतुर्वेदी और अनीता चावला सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

