नारी शक्ति वंदन अधिनियम में विपक्ष की उजागर हुई दूषित मानसिकता : बेबी रानी मौर्य
आगरा, 22 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) के पारित न हो पाने के बाद ये मुद्दा अब उत्तर प्रदेश की राजनीतिक पार्टियों के लिए अहम बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को महिला सशक्तिकरण का विरोधी बताकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति तैयार की है। इसी रणनीति के तहत भाजपा के प्रांतीय आवाहन पर जनपदों में आक्रोश अभिव्यक्ति सम्मेलन आयोजित कर पदयात्रा निकाले जाने कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान पार्टी जनसंपर्क कर महिला सशक्तिकरण के विरोधियों की मंशा उजागर करेगी।
आगरा में भी भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में भाजपा की बृज प्रदेश कार्यालय जयपुर हाउस में बुद्धवार को पार्टी की महिला जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ताओं द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित कर महिला बिल संशोधन विधेयक को गिराने में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान के प्रति विश्वास घाती कदम बताते हुए आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने आगरा में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें विधानसभा व लोकसभा में अधिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह बिल लाया गया था। लेकिन विपक्ष ने जिस तरह का रवैया अपनाया, वह उनकी दूषित मानसिकता को दर्शाता है। मंत्री बेबी रानी मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है और उन्हें कभी सम्मानजनक स्थान देने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने कहा कि संसद में यह बिल पास न होने के कारण महिलाएं काफी निराश है। प्रियंका गांधी कहती रही है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं लेकिन वास्तविकता काफी अलग है,कांग्रेस सहित विपक्ष ने संसद में संशोधन अधिनियम के गिराने का प्रयास किया है जो महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का विरोधी है।
आगरा महापौर हेमलता दिवाकर ने बताया कि महिलाओं के अपमान के विरोध में भाजपा 25 से 30 अप्रैल तक प्रदेश के साथ-साथ आगरा शहर के हर मंडल में पदयात्रा निकालेगी। इस पदयात्रा के जरिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और विपक्ष की कथित महिला विरोधी नीतियों को उजागर करेंगे। भाजपा के इन कार्यक्रमों की कड़ी से साफ जाहिर है कि पार्टी अब महिला सशक्तिकरण मुद्दे को पुर जोर तरीके से उठने के मूड में है और आगरा सहित उत्तर प्रदेश में विपक्षी पार्टियों को, विशेष कर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

