बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने सीएम योगी को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने सीएम योगी को दी बधाई


गोरखपुर, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। पश्चिम बंगाल के चुनाव में सीएम योगी की रैलियों ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जबरदस्त माहौल बनाया और सोमवार को चुनाव परिणाम आने के बाद गोरखपुर के भाजपाई खुशी से झूम उठे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ से महराजगंज होते हुए देर शाम गोरखपुर पहुंचे। एमपी पॉलिटेक्निक ग्राउंड के हेलीपैड पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि ने मुख्यमंत्री की अगवानी करते हुए पुष्पगुच्छ देकर उनका भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली शानदार जीत के लिए उल्लास और उमंग के साथ सीएम योगी को बधाई दी।

हेलीपैड पर भाजपा नेताओं की बधाई स्वीकार करने के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले शिवावतार महायोगी गोरखनाथ का विधि विधान से दर्शन पूजन किया। तत्पश्चात वह अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि स्थल पर आए और उनकी प्रतिमा का दर्शन, पूजन कर आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story